Goa Crime News गोवा में बीच पर एक ब्रिटिश महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म का ये मामला दो जून का है।
पणजी, पीटीआइ। गोवा की राजधानी पणजी में बीच पर एक विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अरामबोल में पर एक युवक ने ब्रिटिश महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने बीच पर आराम कर रही महिला को मालिश करने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के वक्त पीड़िता का दोस्त भी वही पर मौजूद था। पुलिस ने इसके बारे में जानकारी दी है।
दो जून की है घटना
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि दुष्कर्म की ये घटना दो जून की है, लेकिन महिला ने ब्रिटेन में अपने परिवार के सदस्यों से परामर्श करने और भारत में ब्रिटिश दूतावास से सहायता मांगने के बाद सोमवार को पेरनेम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने शिकायत में बताया कि ये घटना स्वीट वाटर लेक के पास घटी है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने मालिश करने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के एक घंटे के भीतर निरीक्षक विक्रम नाइक के नेतृत्व में पेरनेम पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्थानीय निवासी है और उसका नाम विन्सेंट डिसूजा (32) है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पहले भी एक स्कूल में लाइब्रेरियन के रूप में काम किया था।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस उपाधीक्षक (पेरनेम) सिद्धांत शिरोडकर मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं।