बढ़ते मामलों के बीच इस एक्ट्रेस को करना पड़ा 'COVID-19 Negative' होने का एलान, जानें क्यों

 

Vakeel Saab Actress Anjali announces she is covid-19 negative. Photo- Twitter/Anjali

अंजलि 9 अप्रैल को रिलीज़ हो रही बहुप्रतीक्षित फ़िल्म वकील साब में नज़र आएंगी। इस तेलुगु फ़िल्म में पवन कल्याण लीड रोल में हैं। फ़िल्म का निर्माण बोनी कपूर और दिल राजू ने किया है जबकि वेणु श्रीराम निर्देशक हैं। यह बहुचर्चित हिंदी फ़िल्म पिंक का तेलुगु वर्ज़न है।

नई दिल्ली। मनोरंजन इंडस्ट्री में कोरोना वायरस का प्रकोप काफ़ी बढ़ रहा है। कई सेलेब्रिटीज़ वायरस का शिकार हो चुके हैं। सोशल मीडिया के ज़रिए सेलेब्स ने अपने कोविड-19 पॉज़िटिव होने की सूचना दी और अपने संपर्क में आये लोगों से जांच करवाने की गुज़ारिश भी की। इसके बीच एक एक्ट्रेस ऐसी हैं, जिन्हें अपने कोविड-19 नेगेटिव होने की सूचना सोशल मीडिया के ज़रिए देनी पड़ी। 

यह एक्ट्रेस हैं अंजलि, जो दक्षिण भारतीय सिनेमा की चर्चित अदाकारा हैं। दरअसल, अंजलि के कोविड-19 पॉज़िटिव होने की ख़बर कई वेबसाइट्स ने दी, जिसके बाद अंजलि ने इसका खंडन जारी किया। अंजलि ने गुरुवार को ट्विटर पर एक नोट पोस्ट किया, जिसमें कहा- मेरे सभी शुभचिंक और प्यारे फैंस, मुझे यह सूचना देते हुए ख़ुशी हो रही है कि मैं कोविड-19 पॉज़िटिव नहीं हूं। कुछ वेबसाइट्स और आर्टिकल्स में मेरे कोविड-19 पॉज़िटिव होने की सूचना दी गयी है, जो ग़लत है। मैं बिल्कुल ठीक और स्वस्थ हूं। सुरक्षित रहिए और अपना ख़्याल रखिए। 

बता दें, अंजलि 9 अप्रैल को रिलीज़ हो रही बहुप्रतीक्षित फ़िल्म वकील साब में नज़र आएंगी। इस तेलुगु फ़िल्म में पवन कल्याण लीड रोल में हैं। फ़िल्म का निर्माण बोनी कपूर और दिल राजू ने किया है, जबकि वेणु श्रीराम निर्देशक हैं। 

वकील साब में अंजलि के अलावा निवेदिता थॉमस, प्रकाश राज और एक्सटेंडेड कैमियो में श्रुति हासन नज़र आएंगे। वकील साब को लेकर तेलुगु सिनेमा में काफ़ी उत्सुकता है। यह बहुचर्चित हिंदी फ़िल्म पिंक का तेलुगु वर्ज़न है। शूजित सरकार, रितेश शहा और अनिरुद्ध रॉय चौधरी ने फ़िल्म की कहानी लिखी थी, जबकि निर्देशन अनिरुद्ध ने किया था। पिंक में अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। फ़िल्म की कहानी महिलाओं के यौन उत्पीड़न के संवेदनशील इशू पर आधारित है। इस फ़िल्म की लाइन नो मीन्स नो काफ़ी लोकप्रिय हुई थी।